कुरूद/ धमतरी। कुरूद थाना पुलिस ने बस चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बस को रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने बस चालक से विवाद किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और गवाहों के बयान के आधार पर रोहन साहू (21 वर्ष), निवासी मोंगरा थाना कुरूद, हाल निवासी अमृत विहार कॉलोनी, कुरूद को गिरफ्तार किया। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। हिंसा या कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
