रायपुर/ललितपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के पास हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय वे बागेश्वर धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि वाहन में उनके साथ पीएसओ (PSO) भी मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। राहत की बात यह है कि किरण सिंह देव की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही तालबेहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किरण सिंह देव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालबेहट पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज, झांसी रेफर कर दिया।

ललितपुर पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल विधायक को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था एवं यातायात की स्थिति सामान्य है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
