धमतरी/ जिले में पहली बार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने SAFEMA/NDPS Act के तहत 35,85,116.51 रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज कराया है। मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA कोर्ट ने 23 जुलाई 2026 को धमतरी पुलिस द्वारा जारी फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि अब नशे के कारोबारियों पर केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा।
पहला मामला: आरती रजक की 12.93 लाख की संपत्ति फ्रीज
पहले प्रकरण में आरोपी आरती रजक से जुड़े बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेशों की जांच के बाद कुल ₹12,93,636.76 मूल्य की संपत्तियों को NDPS Act की धारा 68F के तहत फ्रीज किया गया। सुनवाई के बाद सक्षम प्राधिकारी ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फ्रीजिंग आदेश को बरकरार रखा।

दूसरा मामला: करण सिंह धुरी और परिजनों की 22.91 लाख की संपत्ति फ्रीज
दूसरे मामले में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खाते, वाहन तथा अचल संपत्तियों सहित ₹22,91,479.75 मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई। सुनवाई के दौरान वैध आय के पर्याप्त दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सक्षम प्राधिकारी ने धमतरी पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराते हुए आदेश की पुष्टि कर दी।
कुल 35.85 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई
दोनों मामलों को मिलाकर धमतरी पुलिस ने कुल ₹35,85,116.51 मूल्य की संपत्तियां फ्रीज कराई हैं। सक्षम प्राधिकारी ने उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर माना कि ये संपत्तियां अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से अर्जित आय से जुड़ी हुई हैं।
पहले भी हो चुकी है कानूनी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपियों के खिलाफ पहले से ही NDPS Act के तहत अपराध दर्ज हैं तथा उनके विरुद्ध PITNDPS Act के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। अब पुलिस उनके आर्थिक नेटवर्क को भी निशाना बना रही है ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस का संदेश
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी ऐसी आर्थिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस का संदेश:
“नशे का कारोबार करने वालों पर अब केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा।”
