धमतरी/ धमतरी जिले के ग्राम शंकरदाह में मंगलवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के वीर जवान खिलेश कुमार ध्रुव (32) को पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। ड्यूटी के दौरान असामयिक निधन के बाद जब उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठन के लोग पहुंचे। पूरे गांव का माहौल गमगीन रहा और हर आंख नम नजर आई।
जानकारी के अनुसार, खिलेश कुमार ध्रुव वर्ष 2013-14 से आईटीबीपी में सेवाएं दे रहे थे। हाल ही में वे छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर क्षेत्र में ड्यूटी पूरी कर गुवाहाटी (असम) लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उपचार के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से धमतरी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मंगलवार को अर्जुनी मोड़ से शंकरदाह गांव तक युवाओं ने तिरंगा यात्रा के साथ पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक पहुंचाया। अंतिम यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वीर जवान अमर रहे” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, खिलेश तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
अंतिम संस्कार से पूर्व आईटीबीपी एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। इसके बाद राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने मौजूद रहे।

परिजनों ने बताया कि खिलेश कुमार ध्रुव सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके असामयिक निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
खिलेश कुमार ध्रुव के चाचा शिव चरण नेताम ने कहा कि परिवार को अपने बेटे पर गर्व है, जिसने देश की सेवा करते हुए अपना जीवन समर्पित किया। वहीं ग्रामीण अमृत लाल ध्रुव ने उन्हें गांव का होनहार, अनुशासित और मिलनसार युवा बताते हुए कहा कि गांव उन्हें हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद रखेगा।
इस अवसर पर धमतरी विधायक ओंकार साहू, पंडित राजेश शर्मा, महेंद्र पंडित, मोनिका देवांगन, खूब लाल ध्रुव, राजीव सिन्हा, सरपंच रमी गौतम, उपसरपंच विनोद डिंडोलकर, अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
