धमतरी। जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब सरकारी भवनों पर भी दिखाई देने लगा है। सोमवार को धमतरी पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। यह घटना कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के एक ओर स्थित दीवार में हुई।
गनीमत रही कि हादसे के समय दीवार के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। वहीं पास में कोई वाहन भी खड़ा नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण बाउंड्री वॉल कमजोर हो गई थी, जिसके चलते उसके गिरने की आशंका पहले से जताई जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र को खाली कर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए।

बताया जा रहा है कि यह बाउंड्री वॉल पुलिस अधीक्षक कार्यालय भवन के निर्माण के दौरान ही बनाई गई थी। अब पुलिस विभाग क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के मौसम में पुराने और कमजोर सरकारी एवं निजी निर्माणों का समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
