धमतरी/ पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस ने अवैध शराब बेच रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22 पौवा देशी प्लेन शराब एवं बिक्री की नकदी सहित कुल ₹1,960 की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कन्हारपुरी रोड नहर पुल, कुरूद के पास एक युवक अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने बंटी रतलानी (19 वर्ष) निवासी गांधी चौक, भोईपारा, कुरूद को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर शराब खरीदने आए कुछ लोग मौके से फरार हो गए।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 22 पौवा देशी प्लेन शराब (कुल 3.960 बल्क लीटर), जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,760, तथा बिक्री की ₹200 नकदी बरामद की गई। इस प्रकार कुल ₹1,960 की सामग्री जब्त की गई। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई लाइसेंस या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 215/2026 के तहत धारा 34(1)(ख), छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब, नशे के कारोबार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना कुरूद के सउनि. सुरेश नंद एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
