धमतरी/ 05 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र धमतरी में योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। यह उनके द्वारा आयोजित तीसरा योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर था, जबकि पिछले एक वर्ष में पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित कुल पांचवां योग प्रशिक्षण कार्यक्रम रहा। उन्होंने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में आरक्षक सूजय मंडल एवं रूची साहू ने योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। योग के प्रचार-प्रसार में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें हाल ही में महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ जुड़ना है। योग शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है। पुलिस सेवा स्वभावतः चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती है, ऐसे में योग और प्राणायाम तनाव प्रबंधन के सबसे प्रभावी साधन हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नियमित योग अपनाने और अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
योग शिविर के पश्चात पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। अधिक से अधिक पौधरोपण और उनकी देखभाल के माध्यम से हम प्रकृति एवं मानव जीवन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
धमतरी पुलिस द्वारा स्वास्थ्य संवर्धन, तनाव प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर नवाचारपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। योग एवं पौधरोपण जैसे कार्यक्रम न केवल पुलिस बल को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का भी प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, उप पुलिस अधीक्षक मीना साहू, उप पुलिस अधीक्षक यशकरण दीप ध्रुव, जिले के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
