Realme 17 Ultra: स्मार्टफोन खरीदने के मामले में अब लोगों की पसंद सिर्फ अच्छी कैमरा क्वालिटी तक ही नहीं रही है. लोग अब लंबी चलने वाली बैटरी और बढ़िया प्रोसेसर वाले फोन ज्यादा खरीद रहे हैं. इसलिए बाजार में ऐसे फोन्स काफी डिमांड में है. इसी बीच अब दिग्गज टेक कंपनी Realme अपनी अपकमिंग नंबर सीरीज में एक बड़ा एक्सपेरिमेंट करने जा रही है. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी पहली बार अपनी पॉपुलर नंबर सीरीज में एक टॉप-एंड वेरिएंट यानी Realme 17 Ultra पेश कर सकती है.
अब तक इस सीरीज में केवल स्टैंडर्ड, Pro और Pro+ मॉडल ही देखने को मिलते थे. लेकिन नया अल्ट्रा मॉडल इन सबसे ऊपर रखा जाएगा. फोन के बारे में लीक हुई डिटेल्स से पता लगता है कि कंपनी इसमें भारी-भरकम बैटरी के साथ प्रीमियम डिजाइन और फ्लैगशिप कैमरा सेटअप देगी. हालांकि कंपनी की तरफ से अभी तक इस फोन को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.
डिस्प्ले, प्रोसेसर और स्टोरेज वेरिएंट की डिटेल्स
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक यह नया स्मार्टफोन RMX5341 मॉडल नंबर के साथ आ सकता है. इसमें बेहद स्मूद विजुअल एक्सपीरियंस के लिए 165Hz रिफ्रेश रेट वाला OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है. जिसका रेजोल्यूशन 1.5K या 2K होने की उम्मीद है. परफॉर्मेंस की बात करें तो फोन में पावरफुल Snapdragon चिपसेट मिलने की चर्चा है, हालांकि इसके नाम का खुलासा अभी नहीं हुआ है.

सॉफ्टवेयर में ये डिवाइस लेटेस्ट ColorOS 17 पर काम कर सकता है. मेमोरी और स्टोरेज के लिए कंपनी इसे दो खास वेरिएंट में बाजार में उतार सकती है. दोनों ही मॉडल्स में 12GB की रैम मिलेगी जिसके साथ ग्राहकों को 256GB और 512GB इंटरनल स्टोरेज का ऑप्शन चुनने को मिलेगा. लुक के मामले में भी यह फोन काफी आकर्षक होने वाला है और इसे क्लासी Silver और Red कलर ऑप्शन में पेश किया जा सकता है.
200MP कैमरा और प्रो-लेवल वीडियो रिकॉर्डिंग फीचर्स
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए Realme 17 Ultra में बेहद एडवांस कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है. जानकारी के मुताबिक इसके पिछले हिस्से में ट्रिपल रियर कैमरा सिस्टम दिया जाएगा. इसमें सबसे खास 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर होगा जो बेहद साफ और डिटेलिंग वाली तस्वीरें क्लिक करने में मदद करेगा. इसके साथ ही फोन में 50 मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा और एक अल्ट्रा-वाइड लेंस भी शामिल होने की उम्मीद है.
दूर की चीजों को करीब से देखने के लिए यह कैमरा सिस्टम 120x जूम तक सपोर्ट कर सकता है. वीडियो बनाने वालों के लिए भी इसमें खास इंतजाम किए गए हैं. यह फोन 120fps पर 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करेगा. इसके अलावा इसमें Open Gate और Log वीडियो मोड्स जैसे प्रोफेशनल फीचर्स भी दिए जा सकते हैं जो आमतौर पर काफी महंगे फ्लैगशिप फोन्स में ही मिलते हैं.
