Huawei Watch Air Launch : Huawei ने अपनी नई स्मार्टवॉच Watch Air पेश की है. कंपनी ने इसे बेहद पतले टाइटेनियम बॉडी डिजाइन के साथ तैयार किया है, जिससे यह बाजार की सबसे पतली स्मार्टवॉच में से एक बन गई है. खास बात यह है कि इतनी पतली बॉडी होने के बाद भी कंपनी ने इसमें ECG, GPS और कई हेल्थ मॉनिटरिंग फीचर्स दिए हैं. इसके अलावा इसमें AMOLED डिस्प्ले, NFC और कॉलिंग की सुविधा भी मिलती है, हालांकि पतले डिजाइन का असर इसकी बैटरी पर भी पड़ा है. कंपनी के मुताबिक, यह स्मार्टवॉच एक बार चार्ज करने पर औसतन पांच दिन तक चल सकती है. तो आइए जानते हैं कि Huawei Watch Air की कीमत और खास फीचर्स क्या है.
कितनी है Huawei Watch Air की कीमत?
Huawei Watch Air को चीन में लॉन्च किया गया है. चीन में इसकी कीमत 2,499 युआन यानी करीब 34,800 रुपये रखी गई है. इसे सिल्वर, ब्लैक और गोल्ड कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है. कंपनी ने अभी इसके ग्लोबल लॉन्च को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. ऐसे में भारत में इसकी उपलब्धता और लॉन्च की तारीख फिलहाल साफ नहीं है.
बेहद पतली है Huawei Watch Air की बॉडी
Huawei Watch Air की सबसे बड़ी खासियत इसका स्लिम डिजाइन है. सेंसर मॉड्यूल को छोड़ दें तो इसकी मोटाई सिर्फ 6.9mm है. इसमें मेनबोर्ड को दो लेयर में रखा गया है, जिससे उसके लिए जरूरी जगह आधी हो गई. इसके चलते मेनबोर्ड को बैटरी के नीचे रखने के बजाय उसके बराबर में फिट किया जा सका. इसमें टाइटेनियम अलॉय केस दिया गया है, जो 5 ATM तक वाटर रेसिस्टेंस सपोर्ट करता है. वॉच में डिजिटल क्राउन और एक बटन मिलता है. इसका डिजाइन देखने में काफी हद तक Apple Watch जैसा नजर आता है.

ECG से लेकर कॉलिंग तक की सुविधा
इसमें हार्ट रेट और SpO2 सेंसर के साथ स्किन टेंपरेचर सेंसर दिया गया है. इसके अलावा ECG की सुविधा भी मिलती है. वॉच में मौजूद स्पीकर और माइक्रोफोन की मदद से यूजर सीधे इससे फोन कॉल कर सकते हैं. वहीं NFC चिप के जरिए कॉन्टैक्टलेस पेमेंट की सुविधा भी दी गई है.
पांच दिन तक चलेगी बैटरी
Huawei Watch Air की औसत बैटरी लाइफ पांच दिन बताई गई है. इसमें वाइब्रेशन मोटर और स्पीकर को भी छोटा किया गया है, हालांकि कंपनी ने इसे 5 ATM वाटर रेसिस्टेंस के साथ पेश किया है. इसका केस सिर्फ IP6X सर्टिफिकेशन के साथ आता है.
3500 निट्स की ब्राइटनेस वाला डिस्प्ले
Huawei Watch Air में 1.92 इंच का LTPO AMOLED पैनल दिया गया है. इसके चारों तरफ सिर्फ 1.4mm के बेजल्स मिलते हैं. कंपनी ने इसमें 3500 निट्स की पीक ब्राइटनेस दी है. वहीं बेहतर लोकेशन ट्रैकिंग के लिए GPS एंटीना को वॉच के निचले हिस्से के चारों तरफ लगाया गया है.
