धमतरी/ मितानिन दिवस के अवसर पर 23 नवंबर को पुरानी कृषि उपज मंडी समिति धमतरी में मितानिन सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधायक ओंकार साहू एवं कांग्रेस के सौजन्य से किया गया। समारोह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, भानुप्रतापपुर की नेता सोनिया मंडावी एवं सिहावा की नेता अंबिका मरकाम उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिलेभर से पहुंचीं लगभग 700 मितानिन बहनों का स्वास्थ्य सेवाओं में उनके महत्वपूर्ण योगदान, सेवा और समर्पण के लिए सम्मान किया गया। अतिथियों ने मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
कोरोना काल में मितानिनों की भूमिका को किया याद
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मितानिन बहनों के सेवा और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कोरोना महामारी के कठिन दौर में जब लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे थे, उस समय मितानिन बहनों ने निडर होकर घर-घर पहुंचकर लोगों की सेवा की और महामारी से बचाव के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मितानिनों के मानदेय और सम्मान को लेकर कदम उठाए गए थे। वर्तमान में मितानिन बहनें अपनी मांगों को लेकर असंतोष महसूस कर रही हैं। उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा होनी चाहिए।
किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों की समस्याओं को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बारिश और मौसम की मार से किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। धान कटाई का काम अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और लगातार बारिश के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि सरकार को धान खरीदी की ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो। किसानों का धान किसी भी स्थिति में खरीदी से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है या बीमा कंपनियों के हितों को?
धान का रकबा कम होने का मुद्दा भी उठाया
भूपेश बघेल ने धान के रकबे में कटौती और कई किसानों के रिकॉर्ड में रकबा शून्य दर्ज होने के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे किसानों के सामने धान बेचने को लेकर असमंजस की स्थिति बन रही है।
उन्होंने पटवारियों की हड़ताल का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने हड़ताल समाप्त कराने के लिए समिति गठित की, जबकि इस दिशा में पहले भी पहल की जा सकती थी। देरी के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मितानिनों की मांग विधानसभा में उठाएंगे विधायक ओंकार साहू
धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मितानिन बहनों की भूमिका अतुलनीय है। वे विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं।
उन्होंने कहा कि मितानिनों के योगदान को केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उनकी समस्याओं, मांगों और अधिकारों पर भी गंभीरता से विचार होना चाहिए। मितानिन बहनों के मानदेय में वृद्धि की मांग को वे विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे और प्रदेश सरकार से इस विषय पर जवाब मांगेंगे। उनके सम्मान, अधिकार और आर्थिक हितों के लिए लगातार आवाज उठाई जाएगी।
38 लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक गतिविधियां भी देखने को मिलीं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में तेलीनसत्ती के सरपंच सहित किसान नेता घनाराम समेत कुल 38 लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने सभी नवप्रवेशियों का स्वागत करते हुए पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी की बात कही।
कार्यक्रम में मितानिनों के सम्मान के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों की समस्याओं और मितानिनों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
