धमतरी/ जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने एक और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय की अनुशंसा पर जिला दण्डाधिकारी अबिनाश मिश्रा ने आदतन बदमाश एवं चिट्टा तस्करी के मामलों में संलिप्त अभिनव तिवारी उर्फ लवली (35 वर्ष) के खिलाफ जिला बदर का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के मुताबिक अभिनव तिवारी को धमतरी सहित कुल सात जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। इसमें धमतरी, रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोंडागांव और गरियाबंद जिले शामिल हैं। आरोपी वर्तमान में जिला जेल धमतरी में अन्य आपराधिक मामलों में निरुद्ध है। ऐसे में जिला बदर का आदेश जेल से रिहाई के बाद प्रभावशील होगा।
एसपी की अनुशंसा पर जिला दण्डाधिकारी ने लिया फैसला
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं अनुशंसा के आधार पर जिला दण्डाधिकारी अबिनाश मिश्रा ने 23 नवंबर 2026 को यह आदेश पारित किया। आरोपी धमतरी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आमातालाब रोड, गली नंबर-04 का निवासी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2023 से लगातार मारपीट, जान से मारने की धमकी, हथियारों के जरिए भय पैदा करने और मादक पदार्थ चिट्टा के अवैध कारोबार जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
गुंडा सूची में शामिल होने के बाद भी नहीं सुधरी गतिविधियां
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा 15 सितंबर 2025 को उसे गुंडा सूची में भी शामिल किया गया था। इसके बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
लगातार मिल रही शिकायतों और दर्ज आपराधिक मामलों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क) एवं 5(ख) के तहत जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों और आपराधिक रिकॉर्ड के परीक्षण के बाद जिला दण्डाधिकारी ने निष्कासन का आदेश जारी किया।

चिट्टा तस्करी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज
अभिनव तिवारी उर्फ लवली के खिलाफ थाना कुरूद, सिटी कोतवाली धमतरी और चौकी बिरेझर में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित मामले शामिल हैं।
आरोपी के विरुद्ध दर्ज प्रमुख प्रकरण इस प्रकार हैं:
- थाना कुरूद अपराध क्रमांक 76/2023 – धारा 294, 323, 506, 324, 34 भादवि।
- सिटी कोतवाली अपराध क्रमांक 357/2024 – धारा 115(2), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस।
- सिटी कोतवाली अपराध क्रमांक 404/2024 – धारा 115(2), 296, 351(3), 118(1), 3(5), 285 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट।
- सिटी कोतवाली अपराध क्रमांक 85/2025 – धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट।
- चौकी बिरेझर अपराध क्रमांक 196/2025 – धारा 21(क), 29 एनडीपीएस एक्ट।
- सिटी कोतवाली अपराध क्रमांक 152/2026 – धारा 21(ए), 29, 27(ए) एनडीपीएस एक्ट।
- सिटी कोतवाली इस्तगासा क्रमांक 03/2026 – धारा 129 बीएनएसएस।
जेल से रिहाई के बाद एक साल तक सात जिलों में प्रवेश प्रतिबंधित
जिला दण्डाधिकारी के आदेश के अनुसार आरोपी को निर्धारित सात जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष के लिए बाहर रहना होगा। जेल से रिहाई के बाद आदेश प्रभावी होने पर सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना इन जिलों की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्ती जारी
धमतरी पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर गुंडा सूची में शामिल करने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और जिला बदर जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधमुक्त वातावरण तैयार करने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
