धमतरी/ महिला सुरक्षा को लेकर धमतरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जबरन अपहरण के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई की है। थाना मगरलोड पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी पुष्पेन्द्र यादव (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। मामले का मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
रास्ता रोककर युवती के साथ की बदसलूकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 23 नवंबर 2026 की सुबह की है। थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम सेन्हाभाठा निवासी युवती अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास आरोपियों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
ग्राम सेन्हाभाठा स्थित प्राथमिक शाला के पास आरोपियों ने युवती की स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबाया तथा दांत से गाल पर काटकर उसे घायल कर दिया।
पऔर ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी, मुख्य आरोपी फरार
आरोपी युवती को ग्राम परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान युवती के परिजन, उसके फूफा कैलाश साहू और ग्रामीणों ने मिलकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख मुख्य आरोपी मनमोहन साहू मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद संदेही पुष्पेन्द्र यादव, पिता रेवन यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गिरौद, थाना मगरलोड को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899 जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुष्पेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 7 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
मामले का मुख्य आरोपी मनमोहन साहू घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
- नाम: पुष्पेन्द्र यादव
- पिता का नाम: रेवन यादव
- उम्र: 20 वर्ष
- निवासी: ग्राम गिरौद, थाना मगरलोड, जिला धमतरी
जब्त सामग्री
- घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।
