Kagi Mail : ऑफिस के काम से लेकर जरूरी डॉक्यूमेंट्स और ऑनलाइन अकाउंट्स तक, कई चीजों के लिए ईमेल की जरूरत पड़ती है. ऐसे में ज्यादातर लोगों के लिए Gmail पहली पसंद बना हुआ है. लेकिन अब टेक्नोलॉजी की दुनिया में Gmail को चुनौती देने के लिए एक नया ऑप्शन सामने आया है.
सर्च इंजन और ब्राउजर के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाली कंपनी Kagi ने अब ईमेल सर्विस के क्षेत्र में भी कदम रख दिया है. कंपनी ने Kagi Mail नाम से अपनी नई ईमेल सर्विस का पब्लिक बीटा लॉन्च किया है. इसकी खास बात यह है कि कंपनी इसे बिना एड और यूजर्स की निगरानी के काम करने वाली सर्विस के तौर पर पेश कर रही है. इसके साथ ही यूजर्स को 60 दिनों का फ्री ट्रायल भी दिया जा रहा है.
क्या है Kagi Mail और क्यों हो रही है इसकी चर्चा?
Kagi पहले से ही Google Search के ऑप्शन के तौर पर अपना पेड सर्च इंजन उपलब्ध कराती है. इसके अलावा कंपनी का Orion ब्राउजर भी मौजूद है, जिसे Chrome के ऑप्शन के रूप में पेश किया गया है. अब Kagi ने इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए अपनी ईमेल सर्विस Kagi Mail पेश की है. कंपनी का कहना है कि इस सर्विस को इस तरह तैयार किया गया है कि यूजर्स को ईमेल यूज करने के लिए एड और निगरानी का सामना न करना पड़े. Kagi Mail में ओपन स्टैंडर्ड्स का सपोर्ट भी दिया गया है. कंपनी का मकसद ऐसी ईमेल सर्विस उपलब्ध कराना है, जिसमें यूजर्स को किसी एक प्लेटफॉर्म से बंधकर न रहना पड़े.

कितनी है Kagi Mail की कीमत?
फिलहाल Kagi Mail पब्लिक बीटा के तौर पर उपलब्ध है. नए यूजर्स को शुरुआत में 60 दिनों का फ्री ट्रायल मिलेगा. इसके बाद इस सर्विस के लिए हर साल 99 डॉलर यानी करीब 8,800 रुपये चुकाने होंगे. इसके अलावा Kagi Mail को कंपनी के 25 डॉलर प्रति महीने वाले Kagi Ultimate सब्सक्रिप्शन के हिस्से के रूप में भी यूज किया जा सकता है.
2027 में जुड़ेंगे नए फीचर्स
Kagi ने अपनी इस ईमेल सर्विस के लिए आने वाले फीचर्स का रोडमैप भी बताया है. कंपनी के मुताबिक, 2027 की पहली तिमाही यानी Q1 में कॉन्टैक्ट्स और एड्रेस बुक की सुविधा जोड़ी जा सकती है. वहीं नेटिव मोबाइल ऐप्स के लिए यूजर्स को तीसरी तिमाही यानी Q3 2027 तक इंतजार करना पड़ सकता है.
50GB स्टोरेज और अनलिमिटेड ईमेल एड्रेस की सुविधा
Kagi Mail के साथ यूजर्स को @kagimail.com डोमेन वाला ईमेल एड्रेस मिलेगा. इसके अलावा इसमें अनलिमिटेड ईमेल एड्रेस और अलग-अलग डोमेन यूज करने की सुविधा भी दी गई है. इस सर्विस में 50GB की जगह दी जा रही है. इसके साथ ही इसमें इनबिल्ट कैलेंडर भी मिलेगा. इससे यूजर्स को ईमेल के साथ कैलेंडर की सुविधा भी एक ही सर्विस में मिल सकेगी.
