धमतरी। खुद को CBI अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर 13 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को धमतरी पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगी की रकम से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मगरलोड पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
CBI अधिकारी बनकर किया फोन, केस खत्म करने के नाम पर मांगे रुपये
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2025 को शाम करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच प्रार्थी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए प्रार्थी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तार करने की धमकी दी।
आरोपी ने मामले को रफा-दफा करने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करने का दबाव बनाया। डर और घबराहट में आकर प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो अलग-अलग बैंक खातों में पहले 5 लाख 30 हजार रुपये और फिर 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 13 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की गई।
इसके बाद भी आरोपी द्वारा अतिरिक्त रकम की मांग किए जाने पर प्रार्थी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 128/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(घ) आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों से आंध्रप्रदेश पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम जिस बैंक खाते में पहुंची थी, वह आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर दर्ज था।
इसके बाद धमतरी पुलिस की टीम आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी के निवास पर धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराया। पूछताछ के लिए आरोपी को थाना मगरलोड बुलाया गया।
ठगी की रकम से खरीदा था वीवो मोबाइल
थाना मगरलोड में गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उससे वीवो कंपनी का मोबाइल खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया एक वीवो मोबाइल फोन ई-साक्ष्य सहित विधिवत जब्त किया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण
-
- नाम: शेक घोष बासा
-
- पिता का नाम: नजीर बासा
-
- उम्र: 32 वर्ष
-
- निवासी: रायचोटी, मेघारा स्ट्रीट, मकान नंबर 13/175, थाना रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से 11 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस साइबर ठगी में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी की शेष रकम के संबंध में जांच कर रही है।
धमतरी पुलिस की नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति स्वयं को CBI, पुलिस, ED या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी अथवा मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दे, तो घबराएं नहीं।
पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही केस खत्म करने के नाम पर बैंक खाते में पैसे जमा कराने को कहती है।
पुलिस ने नागरिकों से निम्न सावधानियां बरतने की अपील की है:
-
- किसी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, OTP या PIN साझा न करें।
-
- डराने-धमकाने वाले फर्जी कॉल पर भरोसा कर किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
-
- साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
-
- नजदीकी पुलिस थाने में भी तत्काल सूचना दें।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और साइबर अपराधियों के झांसे में नहीं आने की अपील की है।
