छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, प्रख्यात गांधीवादी चिंतक और वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. आज गुरुवार (26 नंवबर) को उन्होंने अंतिम सांस ली. वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे. उनके अचानक यूं जाने से न्यायिक, साहित्य और सियासी जगत में शोक की लहर है. तमामत नेता शोक व्यक्त कर रहे हैं.
उनके निधन पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक ट्वीट के माध्यम से दिवंगत आत्मा को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि उनके निधन की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है.
‘समाज और न्याय व्यवस्था को सदैव एक नई दिशा दी’
महंत ने एक्स पर लिखा, ‘छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, प्रख्यात गांधीवादी चिंतक, संविधान विशेषज्ञ और वरिष्ठ लेखक श्री कनक तिवारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. गांधीवादी विचारधारा, भारतीय संविधान और सामाजिक सरोकारों पर उनके गहन लेखन और बेबाक विचारों ने समाज और न्याय व्यवस्था को सदैव एक नई दिशा दी है. उनका यूं चले जाना न केवल छत्तीसगढ़ के बौद्धिक और विधिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है, बल्कि देश ने एक और सच्चे गांधीवादी विचारक का साथ खो दिया है.”

अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार व उनके असंख्य प्रशंसकों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें.विनम्र श्रद्धांजलि.”
शुक्रवार को किया जायेगा अंतिम संस्कार
बता दें कि कनक तिवारी छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व महाधिवक्ता, संविधान विशेषज्ञ, विचारक और लेखक थे. इसके अलावा वो अविभाजित मध्यप्रदेश में गृह निर्माण मंडल के चेयरमैन भी रहे हैं. कनक तिवारी काफी समय से बीमार चल रहे थे. बुधवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई तो उन्हें तुरंत भिलाई (दुर्ग) स्थित बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उनकी बेटी के देश वापस आने के बाद उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जायेगा.
