धमतरी/ जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले का धमतरी पुलिस ने खुलासा किया है। खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी पर टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर की परछी में मिला था महिला का शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना केरेगांव क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कांटाकुर्रीडीह) स्थित कमार डेरा निवासी सत्या बाई कमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना ग्राम कोटवार हीरासिंग देवदास ने पुलिस को दी थी। महिला अपने घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके माथे, ठुड्डी, भुजा और पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान थे।
सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान मृतका के पति राजकुमार कमार ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर पत्नी को घायल अवस्था में पाया, जिसके कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने धारदार एवं वजनी वस्तु से शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचने को मृत्यु का कारण बताया। इससे मामला हत्या का होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने सरपंच सत्यवान ध्रुव, कोटवार हीरासिंग देवदास के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह के आधार पर मृतका के पति राजकुमार कमार से कड़ाई से पूछताछ की गई।

खाना नहीं बनाने पर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
झाड़ियों में छिपाकर रखे थे हत्या में इस्तेमाल हथियार
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे सफेद बबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए। इनमें एक लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया), एक छुरी और एक तीर शामिल हैं। तीनों पर खून जैसे दाग पाए गए।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
मामले में थाना केरेगांव में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी राजकुमार कमार (37 वर्ष), पिता स्व. बालाराम कमार, निवासी ग्राम बाहनापथरा, कांटाकुर्रीडीह, थाना केरेगांव, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जब्त सामग्री:
- एक लोहे की कुल्हाड़ी (टंगिया)।
- एक छुरी।
- एक तीर।
धमतरी पुलिस की आम नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू विवाद और आपसी मतभेद की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। किसी भी विवाद को बातचीत, संयम और समझदारी से सुलझाने का प्रयास करें। आवेश में उठाया गया हिंसक कदम पूरे परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचा सकता है। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों की रोकथाम, त्वरित खुलासे और आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई लगातार की जा रही है।
