धमतरी/ जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नगरी ब्लॉक के दुगली थाना क्षेत्र में करैत सांप के डसने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना ग्राम केकराखोली की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार नरसु मरकाम की पत्नी संतोषी अपनी डेढ़ साल की बेटी मनस्वी के साथ रात में घर के पाटा में सो रही थी। इसी दौरान बच्ची अचानक रोने लगी। मां ने बच्ची को अपनी ओर खींचा, तभी उसकी नजर बिस्तर पर चढ़े करैत सांप पर पड़ी। इसी दौरान सांप ने महिला को भी डस लिया।

घटना के बाद परिजन तत्काल मां और बेटी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने डेढ़ साल की मनस्वी को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोषी का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
