धमतरी/ श्यामतराई में मकान में कथित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों के खिलाफ अर्जुनी पुलिस की कार्रवाई के बाद ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से संचालित होने की शिकायतें पूर्व में भी पुलिस थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित रूप से की गई थीं।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि प्रशासन द्वारा कार्रवाई कर देह व्यापार में संलिप्त लोगों के खिलाफ छापामार कार्रवाई की गई, जो स्वागत योग्य है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो और गलत काम कराने या करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि वे पिछले 3-4 वर्षों से इस संबंध में शिकायतें करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि गांव के युवा वर्ग को ऐसी गतिविधियों के संपर्क से दूर रखना जरूरी है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि दोबारा इस प्रकार की गतिविधियां सामने आती हैं और कार्रवाई में लापरवाही बरती गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।

वहीं, पुलिस अधीक्षक भावना पांडे ने बताया कि श्यामतराई में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर अर्जुनी पुलिस ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान चार युवतियां, सात युवक और दो नाबालिग पकड़े गए। पुलिस के अनुसार सात लोगों को धारा 151 के तहत जेल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले को लेकर ग्रामीण उनसे मिले थे। उन्हें आश्वस्त किया गया है कि दोबारा ऐसी गतिविधियां संचालित नहीं होने दी जाएंगी। यदि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिलती है तो ग्रामीण तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिस पर कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि श्यामतराई में ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना उनकी प्रमुख मांग है। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में ग्रामीण सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने की बात कह रहे हैं।
