धमतरी/ जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ धमतरी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरेझर चौकी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चौकी बिरेझर को मुखबिर से ग्राम कोड़ापार और चटोद में अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश दी।
कोड़ापार में 11 पौवा शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में 28 सितंबर 2026 को ग्राम कोड़ापार स्थित टाइल्स फैक्ट्री के पास कार्रवाई की गई। यहां पुलिस ने शुभम साहू (22 वर्ष), पिता राजू साहू, निवासी कोड़ापार को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 नग देशी प्लेन मदिरा, जिसकी कीमत लगभग 1,100 रुपये, तथा शराब बिक्री की रकम 300 रुपये बरामद की। कुल 1,400 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

इस मामले में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
चटोद में 12 पौवा शराब जब्त
दूसरे मामले में ग्राम चटोद स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनमोहन साहू (36 वर्ष), पिता ईश्वर लाल साहू, निवासी चटोद को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा।
पुलिस ने उसके कब्जे से 12 नग देशी प्लेन मदिरा, जिसकी कीमत लगभग 1,200 रुपये, तथा बिक्री रकम 150 रुपये बरामद की। इस मामले में कुल 1,350 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
कुल 23 पौवा देशी शराब जब्त
दोनों मामलों में बिरेझर चौकी पुलिस ने कुल 23 नग देशी प्लेन मदिरा, अनुमानित कीमत 2,300 रुपये, और 450 रुपये बिक्री रकम बरामद की। पुलिस के अनुसार कुल 2,750 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
धमतरी पुलिस द्वारा अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस ने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
