धमतरी/ शहर में खुले और जर्जर गड्ढे अब मूक पशुओं के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहे हैं। जिला अस्पताल परिसर के समीप बैडमिंटन कोर्ट के बाजू में बने खुले सोक पिट में गिरने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। रात में विचरण के दौरान गाय इस असुरक्षित गड्ढे में जा गिरी और दम घुटने व चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची नगर निगम की टीम
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर गड्ढे में फंसी गाय पर पड़ी। लोगों ने तत्काल नगर निगम को सूचना दी। सूचना मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद गाय को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद जेसीबी की मदद से मृत गाय को वहां से हटाकर अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।

खुले गड्ढे से इंसानी जान को भी खतरा
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल और खेल परिसर के आसपास दिन-रात लोगों और बच्चों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस सोक पिट को बिना ढक्कन या किसी तरह की बैरिकेडिंग के खुला छोड़ दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस गड्ढे को सुरक्षित नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बच्चा या आम नागरिक भी इसकी चपेट में आ सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।
नागरिकों ने प्रशासन और नगर निगम से शहर में मौजूद सभी खुले एवं जर्जर गड्ढों की पहचान कर उन्हें तत्काल ढकने और सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि किसी इंसान या मूक पशु की जान दोबारा खतरे में न पड़े।
