परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पहली बार होगा विशेष हॉर्स राइडिंग शो
धमतरी/ जिले में 15 अगस्त को आयोजित होने वाला 80वां स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह देशभक्ति, गौरव और रोमांच से भरपूर होगा। पारंपरिक परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ इस बार पहली बार विशेष हॉर्स राइडिंग शो आयोजित किया जा रहा है, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में होने वाले समारोह में ब्रिगो हेक्टर (Brego & Hecter) कंपनी द्वारा घुड़सवारी और घोड़ों से जुड़े विभिन्न रोमांचक करतब प्रस्तुत किए जाएंगे।
कंपनी की संचालक सुश्री गीता दहिया ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हॉर्स राइडिंग के साथ टैड पैकिंग, बकेट पैकिंग, ग्रुप टैड पैकिंग, इंडियन फाइल, जंपिंग और इंडियन फ्लैग सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। प्रशिक्षित घोड़ों और कुशल घुड़सवारों के बीच बेहतर तालमेल से होने वाला यह प्रदर्शन दर्शकों के लिए रोमांचकारी अनुभव रहेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में शामिल घोड़े विदेशी नस्लों के हैं, जिनमें इंग्लैंड, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया की नस्लों के घोड़े शामिल हैं। सभी घोड़ों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा मानकों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह में नारायणपुर (अबूझमाड़) के पारंपरिक मलखंभ का प्रदर्शन दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा था। इस बार पहली बार हॉर्स राइडिंग के रोमांचक करतब समारोह में नया रंग भरेंगे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की विविध सांस्कृतिक और साहसिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि धमतरी के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हर वर्ष कुछ नया और विशेष देखने को मिलता है। मलखंभ प्रदर्शन के बाद इस वर्ष हॉर्स राइडिंग शो समारोह को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बनाएगा।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रीय पर्व के इस गौरवपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनें।
