धमतरी/ जिले में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी अधोसंरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास कार्यों का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, कांटा तालाब चौपाटी, सड़क चौड़ीकरण कार्य तथा पीजी कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम में विकसित की जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सिहावा चौक से कोलियरी तथा रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने ड्रेनेज व्यवस्था, पैदल पथ निर्माण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग एवं यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी।
इसके बाद कलेक्टर ने सिहावा चौक के समीप निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में फाल्स सीलिंग, वातानुकूलन प्रणाली, उन्नत साउंड सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अक्टूबर माह तक ऑडिटोरियम के सभी कार्य पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि ऑडिटोरियम के निर्माण से जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को नई पहचान मिलेगी।

कांटा तालाब चौपाटी बनेगी आकर्षण का केंद्र
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का निरीक्षण करते हुए इसे शहर का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बहु-प्रवेश द्वार, सुव्यवस्थित दुकानों, आकर्षक सेल्फी पॉइंट, सौंदर्यीकरण एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौपाटी के विकसित होने से नागरिकों को परिवार सहित मनोरंजन एवं अवकाश बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
बीसीसीआई मानकों के अनुरूप विकसित होगा क्रिकेट स्टेडियम
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर स्थित क्रिकेट स्टेडियम का भी अवलोकन किया। यहां खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप ड्रेसिंग रूम, रेस्ट रूम एवं किचन जैसी आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने के बाद स्टेडियम को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। इससे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी और जिले के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कलेक्टर ने रत्नाबांधा एवं मुस्कान क्षेत्र के मध्य स्थित तालाब परिसर का भी निरीक्षण कर वहां चौपाटी निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण किया। साथ ही पीजी कॉलेज मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि नागरिकों को स्थायी और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरि, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री चहल, एसडीएम पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
