जिले में पहली बार SAFEMA के तहत 35.85 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज, नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर कसा शिकंजा
धमतरी/ मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबारियों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर बड़ा आर्थिक प्रहार किया है। जिले में पहली बार SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के तहत मादक पदार्थ तस्करों की 35.85 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज किया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना कोतवाली की टीम ने विस्तृत जांच और वित्तीय विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों की संपत्तियों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि को बैंक खातों, बीमा योजनाओं, निवेश, वाहनों तथा अचल संपत्तियों में लगाया गया था।
दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई
पहले SAFEMA प्रकरण में आरोपी आरती रजक के बैंक खातों एवं बीमा योजनाओं में निवेशित 12,93,636.76 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।
वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी करण सिंह ध्रुवांशी, उषा बाई ध्रुवांशी एवं जाइका ध्रुवांशी की बैंक खातों, वाहन एवं अचल संपत्तियों सहित 22,91,479.75 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज की गई।

दोनों मामलों में कुल 35,85,116.51 रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज किया गया है।
पहले भी दर्ज हैं NDPS के मामले
पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में NDPS Act के तहत अपराध दर्ज हैं तथा उनके खिलाफ PITNDPS Act के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा चुकी है। फ्रीज की गई संपत्तियों से संबंधित प्रकरणों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी मुंबई को भेजा गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों को किसी भी स्थिति में सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा। अब कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को भी ध्वस्त किया जाएगा।
नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
