धमतरी/ पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 137 पौवा अवैध देशी शराब, नगदी रकम तथा दो वाहन सहित कुल 1 लाख 34 हजार 660 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहला मामला : 57 पौवा शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत पुलिस ने नहर पार भट्ठी रोड, नहर नाका दानीटोला के पास घेराबंदी कर चन्द्रप्रकाश बचेकर (28 वर्ष) निवासी औद्योगिक वार्ड, धमतरी को अवैध शराब परिवहन करते हुए पकड़ा।
आरोपी के कब्जे से 57 पौवा देशी शराब (रोमियो ब्रांड), 6,200 रुपये नगद तथा एक जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-19-BE-7539 जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 25,760 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दूसरा मामला : 80 पौवा शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत दानीटोला शराब भट्ठी के पास दबिश देकर पुलिस ने मुकेश कुमार नागेश (34 वर्ष) एवं उदय नागेश (22 वर्ष), दोनों निवासी साल्हेवार पारा, धमतरी को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 80 पौवा देशी मसाला शराब, 900 रुपये नगद तथा एक इलेक्ट्रिक स्कूटी क्रमांक CG-05-AU-0115 जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 8 हजार 900 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की अवैध शराब या नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
