धमतरी/ जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हनुमंत नगर जाने वाले मार्ग स्थित पुल के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी ओंकार उर्फ रवि रजक (25 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, धोबी चौक, धमतरी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 146/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट के 4 मामलों सहित गाली-गलौज, धमकी, मारपीट और चोट पहुंचाने से संबंधित कुल 7 अपराध दर्ज हैं।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने तथा आमजन में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
