धमतरी/ शहर के सल्हेवार पारा स्थित गाड़ा बस्ती में कथित गौमांस बरामदगी के बाद शनिवार को नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों के विरोध के चलते कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में रही।
जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ गाड़ा बस्ती पहुंची थी। प्रारंभ में टीम ने संबंधित निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए तोड़फोड़ नहीं करने की मांग की। अधिकारियों द्वारा काफी देर तक लोगों को समझाने का प्रयास किया गया।
इसके बाद निगम की टीम उस स्थान पर पहुंची, जहां कथित रूप से पशु वध किए जाने की बात सामने आई थी। यहां भी बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं एकत्रित होकर विरोध करने लगे। विरोध के कारण कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया और प्रशासन को स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।
मौके पर नगर निगम के उपायुक्त पी.सी. सार्वा, शशांक मिश्रा तथा थाना प्रभारी राजेश जगत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की। समाचार लिखे जाने तक निगम और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद थी तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
बस्तीवासियों ने रखा प्रस्ताव
विवाद के दौरान बस्ती के कुछ लोगों ने प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव रखा कि जिस स्थान पर कथित रूप से पशु वध किए जाने की बात कही जा रही है, उसे वे स्वयं हटाने के लिए तैयार हैं। इसके बाद अधिकारियों ने स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया और आवश्यक अनुमति प्रदान की, ताकि अन्य लोगों को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

बस्तीवासियों का पक्ष
स्थानीय निवासी संदीप नागेश, मुकेश, आकाश, सरस्वती, सुनीता, स्वाती और राधा सहित अन्य लोगों का कहना है कि बस्ती में न तो गौहत्या होती है और न ही गौमांस बेचा जाता है। उनका कहना है कि उनके समुदाय में मृत पशुओं की खाल निकालकर उससे बाजा बनाने की परंपरा है तथा शेष अवशेषों को जमीन में दफना दिया जाता है।
बस्तीवासियों का दावा है कि घटना वाले दिन भी इसी प्रकार का कार्य किया जा रहा था, जिसे गलत तरीके से गौहत्या और गौमांस से जोड़कर प्रचारित कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में बस्ती में खाल निकालने का कार्य भी नहीं किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को गाड़ा बस्ती क्षेत्र से लगभग 86 किलोग्राम कथित गौमांस बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद विभिन्न हिंदू संगठनों, विशेषकर हिंदू जागरण मंच, द्वारा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
मामले में पुलिस द्वारा अपराध दर्ज किया गया है। वहीं सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। मामले की जांच जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
