धमतरी/ शहरवासियों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने की कगार पर है। धमतरी रेलवे लाइन के ब्रॉडगेज परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो आगामी 15 अगस्त के आसपास धमतरी रेलवे स्टेशन से ट्रेन संचालन शुरू हो सकता है।
बुधवार, 10 जून को अचानक एक ट्रेन के धमतरी रेलवे स्टेशन पहुंचने से लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। ट्रेन को देखने बड़ी संख्या में नागरिक रेलवे स्टेशन पहुंचे। हालांकि यह कोई यात्री ट्रेन नहीं थी, बल्कि रेलवे ट्रैक निर्माण के लिए रेल पांत और अन्य आवश्यक सामग्री लेकर पहुंची गुड्स ट्रेन थी, जिसे डीजल इंजन के माध्यम से धमतरी लाया गया।
गौरतलब है कि धमतरी की नैरोगेज रेलवे लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने का कार्य तेजी से जारी है। सिहावा चौक तक रेलवे पटरी बिछाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। फिलहाल दो पटरी बिछाई जा चुकी हैं और तीसरी पटरी बिछाने की तैयारी चल रही है।
निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए लगातार निर्माण सामग्री और मशीनरी धमतरी पहुंचाई जा रही है। बुधवार को पहुंची गुड्स ट्रेन को एक तरह से अघोषित ट्रायल भी माना जा रहा है, जिससे रेलवे ट्रैक की क्षमता और गुणवत्ता का परीक्षण हो गया।

कुछ दिन पूर्व महापौर एवं कलेक्टर ने रेलवे परियोजना का निरीक्षण किया था। उस दौरान अधिकारियों ने 15 से 20 दिनों के भीतर ट्रायल रन शुरू होने की संभावना जताई थी। वहीं विद्युत विभाग द्वारा रेलवे मार्ग में आने वाले बिजली पोल और ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को उम्मीद है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरीवासियों को बड़ी ट्रेन की सौगात मिल सकती है। इससे पहले कुरूद तक सफल ट्रायल भी किया जा चुका है।
ब्रॉडगेज परियोजना पूरी होने के बाद धमतरी का रेल संपर्क प्रदेश और देश के प्रमुख शहरों से और अधिक मजबूत होगा। इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
