धमतरी/ जिले के दुगली थाना क्षेत्र के गुहारनाला गांव में धर्मांतरण के मुद्दे पर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। मामला 70 वर्षीय तितरो बाई के निधन के बाद उनके शव को दफनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद है।
बताया गया कि तितरो बाई का 3 फरवरी को निधन हुआ था। आठ वर्ष पूर्व वे अपने परिजनों सहित धर्मांतरित हो गई थीं। परिजनों द्वारा गांव में ही शव दफनाने पर आदिवासी समाज और ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और शव को बाहर निकालने की मांग करने लगे। इसके चलते गांव में कई घंटों तक तनाव बना रहा। देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और स्थिति को संभालने के प्रयास किए। ग्रामीणों और धर्मांतरित परिवार के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि बैठक में मृतका के परिवार की ‘घर वापसी’ पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को बाहर नहीं निकालने पर सहमति जताई।
फिलहाल ग्रामीणों की सहमति से पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात है।
