धमतरी/ कलेक्टर के निर्देश एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के मार्गदर्शन में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 12 फरवरी की रात अनुभागीय टास्क फोर्स ने राजपुर-उमरदा स्थित भारतमाला हाईवे मार्ग पर गश्त के दौरान तीन हाइवा वाहनों को बिना वैध अनुज्ञा पत्र के अवैध रूप से रेत परिवहन करते पकड़ा। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर मंडी कुरुद की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया है। प्रकरण में खनिज अधिनियम के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
वित्तीय वर्ष में 48 प्रकरण दर्ज, 61 वाहन जब्त
प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया है। अब तक जिले में 48 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में 61 वाहनों को जब्त कर लगभग 32 लाख रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है। पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील घाटों और प्रमुख मार्गों पर नियमित गश्त व निगरानी बढ़ाई गई है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व की हानि पहुंचाने और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को रात्रिकालीन गश्त और सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज परिवहन या उत्खनन की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
