धमतरी/ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कुरूद पुलिस ने पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, कुरूद में नशामुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, साइबर अपराधों से बचाव के लिए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।
नशे से दूर रहकर लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश
कार्यक्रम में डॉ. हीरा महावर ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करती है। नशे से दूर रहकर ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं और बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छी आदतें अपनाने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और जीवन में अनुशासन तथा सकारात्मक सोच को महत्व देने की समझाइश दी। साथ ही, स्वयं नशे से दूर रहने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

साइबर ठगी से बचने बताए जरूरी उपाय
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में भी बताया गया। उन्हें अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और यूपीआई पिन साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा अनजान कॉल, फर्जी संदेश और ऑनलाइन लालच से सतर्क रहने की समझाइश दी। साथ ही, किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
सामुदायिक पुलिसिंग से जागरूकता की पहल
धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सामाजिक बुराइयों तथा तकनीक के दुरुपयोग से बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका को मजबूत करना है।

धमतरी पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नजदीकी पुलिस थाने को दें।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. हीरा महावर, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी कुरूद निरीक्षक कमलेश ठाकुर, पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
