धमतरी/ महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए धमतरी पुलिस ने वर्ष 2019 के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दीपक कुमार उर्फ दयालु (33 वर्ष) को रायपुर से गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से पीड़िता को सकुशल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
शादी का प्रलोभन देकर ले जाने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 में एक नाबालिग बालिका के लापता होने पर थाना सिटी कोतवाली, धमतरी में गुम इंसान दर्ज कर अपराध क्रमांक 71/2019 तथा वर्तमान अपराध क्रमांक 74/2019 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 363 में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान तकनीकी जानकारी और मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पीड़िता के उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर पीड़िता को सकुशल बरामद किया।

पीड़िता के कथन और विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप सामने आए। इसके बाद प्रकरण में भारतीय दंड संहिता की धारा 366, 376(2)(i)(n) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गईं।
रायपुर से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। पीड़िता की बरामदगी के बाद प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक कुमार उर्फ दयालु को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना हरदुआगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुढ़ाँसी का निवासी बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे विशेष न्यायालय (FTC), धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली धमतरी की सहायक उपनिरीक्षक पुष्पा पांडेय, आरक्षक गजेन्द्र टंडन और महिला आरक्षक मीनाक्षी साहू का विशेष योगदान रहा।
महिला एवं बाल अपराधों पर सख्त कार्रवाई का संदेश
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
धमतरी पुलिस का संदेश: सेवा, सुरक्षा और विश्वास।
