धमतरी/ शहर के टिकरापारा इलाके में घर में घुसकर तलवार और लाठी-डंडों के साथ जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार और लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
10 से 12 लोगों ने घर में घुसकर मचाया उत्पात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। टिकरापारा निवासी प्रार्थिया अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान 10 से 12 लोग तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दरवाजा धक्का देकर घर में घुस गए।
आरोपियों ने प्रार्थिया के भाई निखिल के बारे में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक आरोपी द्वारा प्रार्थिया का गला पकड़ने की भी शिकायत की गई है।
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर प्रार्थिया अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए। उन्होंने घर में घुसकर उसकी मां को धक्का दिया और हथियार लहराकर दहशत फैलाने लगे। बीच-बचाव होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
चार आरोपी गिरफ्तार, तलवार और डंडे जब्त
मामले की शिकायत पर सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए 25 नवंबर 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार तथा अन्य आरोपियों के कब्जे से लकड़ी के डंडे जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- राहुल मसीह (26 वर्ष), निवासी टिकरापारा, शारदा चौक, धमतरी।
- भोला शंकर यादव उर्फ सागर यादव (30 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड, बजरंग चौक, धमतरी।
- शालेम मसीह उर्फ अविनाश मसीह (20 वर्ष), निवासी टिकरापारा तालाब के पास, धमतरी।
- शुभम नेताम (24 वर्ष), निवासी रिसाईपारा पश्चिम, धमतरी।
पुलिस ने चारों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) न्यायालय धमतरी में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की आमजन से अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। गुंडागर्दी, अवैध हथियार रखने, मारपीट, धमकी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आम नागरिकों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।
