धमतरी/ जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बिरेझर पुलिस ने ग्राम मूरा में कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर काट पत्ती जुआ खेल रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1,030 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में चौकी बिरेझर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मूरा स्थित रंगमंच के पास कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 1,030 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की। मामले में चौकी बिरेझर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- बंशीलाल साहू (38 वर्ष), पिता स्वरूप सिंह साहू, निवासी ग्राम मूरा, चौकी बिरेझर।
- टिकेश साहू (33 वर्ष), पिता डाहूराम साहू, निवासी ग्राम मूरा, चौकी बिरेझर।
जब्त सामग्री:
- नगद रकम – 1,030 रुपये।
- 52 पत्ती ताश।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने कहा है। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाया है।
