ट्रक से 130 लीटर डीजल चोरी की शिकायत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राहुल कुमार यादव निवासी सड्डू, रायपुर ने थाना कुरूद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता सुमित्रा देवी यादव के नाम पर पंजीकृत ट्रक क्रमांक CG 04 RA 1168 की देखरेख वे स्वयं करते हैं।
10 नवंबर 2026 को ट्रक चालक अजय ध्रुव को रायपुर से बचेली माल भरने के लिए भेजा गया था, लेकिन चालक बचेली जाने के बजाय कुरूद स्थित पुरुषोत्तम पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा कर दिया। इसके बाद 11 नवंबर की रात करीब 1 बजे वह ट्रक को ग्राम चरमुड़िया उपस्वास्थ्य केंद्र के पास ले गया और ट्रक की टंकी से लगभग 130 लीटर डीजल चोरी कर लिया। चोरी किए गए डीजल की कीमत करीब 13,280 रुपये बताई गई।
पूछताछ में चालक ने कबूला जुर्म
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 394/2026 के तहत धारा 316(4), 305(सी) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही चालक अजय ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने ट्रक से करीब 100 लीटर डीजल तीन अलग-अलग जरकिन में निकालकर गांव के ही लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल को 6,800 रुपये में बेचने की बात स्वीकार की।
आरोपी चालक की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल के कब्जे से तीन अलग-अलग जरकिन में रखा 100 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया। चोरी की संपत्ति खरीदने का अपराध पाए जाने पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।

दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
थाना कुरूद पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- अजय ध्रुव उर्फ अज्जू, पिता स्व. ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम चरमुड़िया, थाना कुरूद, जिला धमतरी।
- लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल, पिता स्व. विजय महिपाल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम चरमुड़िया, थाना कुरूद, जिला धमतरी।
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का डीजल बरामद किया।
धमतरी पुलिस ने वाहन मालिकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों और उनमें रखे ईंधन की नियमित निगरानी करें। किसी भी प्रकार की चोरी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को सूचित करें।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
