धमतरी/ जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धमतरी से भखारा होकर गुजरने वाले भारी वाहनों के आवागमन के समय में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भखारा मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इस व्यवस्था के अनुसार धमतरी से भखारा होते हुए रायपुर तथा रायपुर से भखारा-धमतरी होकर अन्य स्थानों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को निर्धारित समयावधि में भखारा मार्ग का उपयोग नहीं करना होगा। ऐसे वाहन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का उपयोग करेंगे।
यातायात दबाव कम करने की कवायद
प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से भखारा मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा। इससे स्थानीय नागरिकों, दोपहिया एवं छोटे वाहनों के लिए आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने में भी मदद मिलेगी।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
बीते दिनों कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई थी।
बैठक में कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए थे।
तीन प्रमुख स्थानों पर लगाए गए साइन बोर्ड
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में जिला परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित यातायात व्यवस्था की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड स्थापित कर दिए गए हैं। इनमें:
- अर्जुन मोड़ (भखारा)
- खपरी उत्तर (बस्ती)
- अटल चौक
शामिल हैं।
प्रशासन ने भारी वाहन चालकों से निर्धारित समय में भखारा मार्ग का उपयोग नहीं करने तथा वैकल्पिक रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करने की अपील की है। वहीं आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
