धमतरी/ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे व्यापक “साइबर जागृति अभियान” के तहत धमतरी पुलिस द्वारा जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में 18 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विद्यार्थियों और शिक्षकों को बताए साइबर अपराध से बचाव के उपाय
अभियान के तहत धमतरी जिले के थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी, रुद्री, कुरूद, भखारा, मगरलोड, केरेगांव, अकलाडोंगरी, नगरी, सिहावा, दुगली, मेचका एवं बोराई सहित चौकी बिरेझर और करेली बड़ी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लिंक, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और साइबर बुलिंग सहित विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी।
पुलिस टीमों ने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों को विश्वास में लेकर उनकी गोपनीय जानकारी हासिल करते हैं और बाद में बैंक खातों से रकम निकाल लेते हैं। विद्यार्थियों को विशेष रूप से ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड, यूपीआई पिन और अन्य बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करने की अपील भी की।
‘साइबर सेल्फी’ के जरिए दिया जागरूकता का संदेश
अभियान के तहत चलाए जा रहे “जागरूकता की एक सेल्फी” एवं “साइबर सेल्फी” अभियान में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा संदेश के साथ सेल्फी लेकर तथा विद्यार्थियों को भी इस पहल से जोड़कर “साइबर सुरक्षा—हमारी जिम्मेदारी” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को स्कूल-कॉलेज परिसर तक सीमित न रखते हुए सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से परिवार, मित्रों एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है।
2,400 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
18 अगस्त को आयोजित इन जागरूकता कार्यक्रमों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगभग 2,400 से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक एवं अन्य लोग शामिल हुए। पुलिस ने सभी को साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता, सावधानी और समय पर शिकायत को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
इन स्थानों पर हुए जागरूकता कार्यक्रम
- सिटी कोतवाली धमतरी: शोभा राम देवांगन हायर सेकेंडरी स्कूल, धमतरी
- थाना अर्जुनी: नवीन कॉलेज कंडेल एवं स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल, कंडेल
- थाना रुद्री: आईटीआई, ग्राम भटगांव
- थाना कुरूद: ग्राम दहदा
- थाना भखारा: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिलौटी
- थाना मगरलोड: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बोरसी
- चौकी बिरेझर: शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, जी-जामगांव
- चौकी करेली बड़ी: शासकीय हाई स्कूल, हसदा
- थाना केरेगांव: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, केरेगांव
- थाना अकलाडोंगरी: शासकीय माध्यमिक शाला, कोहका
- थाना नगरी: हायर सेकेंडरी स्कूल, फरसिया
- थाना सिहावा: हायर सेकेंडरी स्कूल, बिरगुड़ी
- थाना दुगली: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुगली-गट्टासिल्ली
- थाना मेचका: शासकीय हाई स्कूल, तुमड़ीबहार
- थाना बोराई: शासकीय माध्यमिक विद्यालय, घुटकेल
इन सभी स्थानों पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए और लोगों को “जागरूकता की एक सेल्फी” अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और अनजान कॉल या मैसेज से सतर्क रहें।
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।
धमतरी पुलिस का संदेश—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक बनें।
