तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को विधानसभा में विधायकों और आम लोगों से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं कीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता की शिकायतें सुनने, सरकारी योजनाओं की निगरानी करने और लोगों तक पहुंचने के लिए सरकारी वाहन और मासिक भत्ता दिया जाएगा. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की वार्षिक कवरेज सीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का भी ऐलान किया.

सभी विधायकों को मिलेगी सरकारी गाड़ी
विधानसभा में नियम 110 के तहत घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि सभी विधायकों को सरकारी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा. इसके साथ ही वाहन से जुड़े खर्च के लिए हर महीने 75 हजार रुपये का वाहन भत्ता दिया जाएगा. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस सुविधा से विधायक बिना किसी पर निर्भर हुए अपने विधानसभा क्षेत्रों में आसानी से घूम सकेंगे. इससे वे जनता की समस्याओं को सुनने के साथ-साथ सरकारी परियोजनाओं की प्रगति पर भी नजर रख सकेंगे.
