धमतरी/ धमतरी जिले के नगरी विकासखंड का सुदूर ग्राम ठेनही अब स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना’ के तहत ठेनही जिले का पहला गांव बन गया है, जहां 142 किलोवॉट क्षमता का सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किया गया है। इससे गांव के 71 परिवारों को 2-2 किलोवॉट क्षमता के माध्यम से मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा।
बिना किसी खर्च के मिला योजना का लाभ
जानकारी के अनुसार, योजना के तहत वेंडरों द्वारा सब्सिडी राशि से गांव के सभी 71 परिवारों का पंजीयन किया गया है। ग्रामीणों से किसी प्रकार की राशि नहीं ली गई। गांव से लगभग 50 से 75 मीटर दूरी पर उपलब्ध कराई गई जमीन पर सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। अब घरों में कनेक्शन का कार्य शुरू होने वाला है।
ग्राम के उप सरपंच रूपेश्वर नाग ने बताया कि प्लांट पूरी तरह तैयार हो चुका है और जल्द ही घरों में बिजली आपूर्ति शुरू होगी। इससे ग्रामीणों को बिजली बिल से राहत मिलेगी।
दस्तावेजी प्रक्रिया के बाद शुरू होगा उत्पादन
विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता अनिल सोनी ने बताया कि आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होते ही प्लांट से बिजली उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों को योजना के तहत मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जिले के ऐसे 55 गांवों का चयन किया गया है, जहां अधिकांश घर खपरैल या बिना पक्की छत वाले हैं। इन गांवों में भी सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं और इसके लिए ग्रामीणों को कोई राशि नहीं देनी होगी।
ग्रामीणों में खुशी
ग्राम ठेनही के निवासी छात्र सिंह यादव ने कहा कि पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब सोलर प्लांट लगने से बड़ी राहत मिलेगी। यह योजना आर्थिक बचत के साथ भविष्य के लिए भी लाभकारी साबित होगी।
वहीं इंदर सिंह नेताम ने कहा कि गांव में सामूहिक सोलर प्लांट लगना बड़ी खुशी की बात है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी ग्रामीण को कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ा।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास की नई मिसाल
एक समय नक्सल प्रभावित होने के कारण विकास की मुख्यधारा से दूर रहे ठेनही गांव में अब हरित ऊर्जा का आधुनिक मॉडल विकसित हो रहा है। इसे शासन की विकासोन्मुखी सोच और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
25 और गांवों में बनेगा मॉडल
ठेनही में सफलता के बाद नगरी विकासखंड के फरसियां, रतावा, दुगली सहित लगभग 25 अन्य गांवों में भी इसी प्रकार के सामूहिक सोलर प्लांट स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
कलेक्टर ने बताया ऐतिहासिक पहल
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना’ ग्रामीण भारत को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में जिले में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
