धमतरी/मगरलोड। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ग्राम खड़मा सवनाई भाटा स्थित दुर्गामाता मंच के सामने हुआ, जहां एक नए ट्रैक्टर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम (64 वर्ष) अपनी पत्नी कुमारी नेताम (58 वर्ष) के साथ गरियाबंद जिले के ग्राम कोकड़ी स्थित अपने ससुराल गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें अपने बड़े भाई प्रभुलाल नेताम के निधन की सूचना मिली। दोनों शुक्रवार सुबह बाइक क्रमांक CG 07 LS 3299 से अंतिम संस्कार में शामिल होने अपने गांव लौट रहे थे।
सुबह करीब खड़मा सवनाई भाटा स्थित दुर्गामाता मंच के सामने पीछे से आ रहे एक नए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि बड़े भाई के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने लौट रहे दंपती की हादसे में मौत हो जाने से एक ही परिवार में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है।

एक दिन पहले ही खरीदा गया था ट्रैक्टर
जानकारी के मुताबिक, सरईरूख निवासी त्रिलोक ध्रुव ने रथयात्रा के दिन नया ट्रैक्टर खरीदा था। ट्रैक्टर का चालक जयप्रकाश ध्रुव (निवासी खड़मा) उसे कृषि कार्य के लिए सरईरूख लेकर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया है, जबकि चालक घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
