धमतरी/ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी शहर में आयोजित भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। रथयात्रा के दौरान धमतरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए, जिसके चलते हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
रथयात्रा शहर की संकरी एवं चुनौतीपूर्ण गलियों से होकर निकली। इसे देखते हुए पूरे मार्ग पर पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस, महिला पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों की रणनीतिक तैनाती की गई। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सतत निगरानी के कारण आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित रहा।
पुलिस के अनुसार, रथयात्रा में करीब 3000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान चाकूबाजी, जेबतराशी, भगदड़ या किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। वहीं, यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाए रखी गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय तथा सुरक्षा प्रबंधन की लोगों ने सराहना की। श्रद्धालुओं ने पुलिस की मुस्तैदी, अनुशासित भीड़ प्रबंधन और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए आयोजन को सफल बताया।
इसी तरह कुरूद और नगरी अनुभाग में भी संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। स्थानीय पुलिस बल ने वहां भी प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
रथयात्रा ड्यूटी के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत, अर्जुनी थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत साहू, उप निरीक्षक खेमराज साहू, आर.के. साहू, बी.आर. सिन्हा, थाना प्रभारी रुद्री सहित सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धमतरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी सभी धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में इसी तरह बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
