पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान थाना भखारा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम रामपुर स्थित अमाबगीचा में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मेघनाथ साहू, राजेश कुमार रात्रे, महादेव रात्रे, गजेंद्र कुमार निषाद, नारदराम निषाद, छन्नु लाल रात्रे, देनेश्वर साहू और कवल सिंह साहू निवासी ग्राम रामपुर, थाना भखारा, जिला धमतरी बताए।

1.83 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त
पुलिस ने मौके से जुआ फड़ एवं आरोपियों के कब्जे से 10,800 रुपये नगद, 5 मोटरसाइकिल और एक सुपर एक्सल वाहन कीमती लगभग 1.40 लाख रुपये, 4 एंड्रॉयड स्मार्टफोन एवं 3 कीपैड मोबाइल कीमती करीब 33 हजार रुपये तथा जुआ खेलने में इस्तेमाल किए जा रहे 52 पत्ती ताश जब्त किए।
जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 83 हजार 800 रुपये बताई गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
