धमतरी/ ग्राम उमरदा में सड़क दुर्घटना के बाद एम्बुलेंस चालक के साथ मारपीट एवं वाहन में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को कुरूद पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जून की रात ग्राम उमरदा गौठान के पास हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर वंदे मातरम परिवार समिति की एम्बुलेंस क्रमांक CG-05-15001 के चालक राधेश्याम निर्मलकर मौके पर पहुंचे थे।
घटनास्थल पर मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने एम्बुलेंस के कथित विलंब से पहुंचने की बात को लेकर चालक के साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने चालक के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने एम्बुलेंस वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की। वाहन का सामने का कांच, बोनट, एंटीगेटर सहित अन्य हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर लगभग एक लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुरूद में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 324(4), 3(5) तथा चिकित्सा सेवक एवं चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति की क्षति या हानि की रोकथाम) अधिनियम 2010 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, वीडियो फुटेज तथा कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई शिनाख्ती कार्यवाही के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में—
- रमन दीवान (30 वर्ष)
- तामेश्वर पटेल (33 वर्ष)
- फनेन्द्र उर्फ विक्की चंद्राकर (25 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम उमरदा, थाना कुरूद, जिला धमतरी शामिल हैं।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चिकित्सा सेवाओं, एम्बुलेंस एवं स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करें। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
