नोजल में आग लगाने का किया प्रयास, असफल होने पर दो मोटरसाइकिलों को किया आग के हवाले
धमतरी/ जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा स्थित मातारानी पेट्रोल पंप में आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जीवन निषाद (47 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-01, ग्राम मेघा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की है। आरोपी मातारानी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए पेट्रोल नोजल में आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि वह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका। इसके बाद आरोपी ने परिसर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों को माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।

बच्ची की मौत से था आक्रोश
पुलिस पूछताछ में आगजनी की घटना के पीछे की वजह भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को ग्राम मेघा में पेट्रोल पंप के सामने खुले नाले में एक छोटी बच्ची गिर गई थी। बाढ़ के पानी के तेज बहाव के कारण बच्ची बहकर महानदी में चली गई, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
आरोपी इस घटना के लिए पेट्रोल पंप प्रबंधन को जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर उसके मन में आक्रोश था। पुलिस के अनुसार, इसी आक्रोश में आरोपी ने पेट्रोल पंप परिसर में आगजनी की वारदात को अंजाम दिया।
अपराध दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की शिकायत के बाद थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 326(एफ) एवं 324(4) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त माचिस तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी घटना या दुर्घटना से आक्रोशित होकर कानून को अपने हाथ में न लें। किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध शिकायत होने पर पुलिस अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दें। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
