धमतरी/ थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गणेश चौक में घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौच एवं जान से मारने की धमकी देने वाले 05 आरोपियों को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त डंडा भी पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सागर कसार निवासी गणेश चौक धमतरी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 13 मई 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे कुछ युवक लाठी-डंडा एवं रॉड लेकर उसके घर पहुंचे और सुमित कसार एवं दिलीप सोनकर के संबंध में पूछताछ करते हुए गाली-गलौच एवं मारपीट करने लगे।
आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी विजय सोनकर के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विजय सोनकर, अमन सोनकर, विकास निर्मलकर, योगी सोनकर एवं सोम त्रिपाठी शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विजय सोनकर एवं योगी सोनकर के विरुद्ध पूर्व में भी थाना सिटी कोतवाली धमतरी में मारपीट एवं धमकी से संबंधित आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
धमतरी police ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
