धमतरी/ जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीन विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
घटना का विवरण:
प्रार्थी मुकेश कुमार साहू ने 9 अप्रैल 2026 को थाना सिहावा में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम सेमरा में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर 13 फरवरी 2026 की रात लगभग 8 बजे आरोपी कृष्ण कुमार साहू और उनकी पत्नी बिन्दा बाई साहू ने उनके पुत्र ताम्रध्वज साहू पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बांस के डंडे से सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
घटना के बाद सामाजिक कारणों से तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई, लेकिन पीड़ित की हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर के वी.वाई. अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 5 मार्च और 10 मार्च 2026 को दो बार ऑपरेशन करना पड़ा। गंभीर चोट के कारण पीड़ित को पैरालिसिस हो गया।

पुलिस की कार्रवाई:
शिकायत की जांच के बाद मामला सत्य पाए जाने पर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सिहावा पुलिस ने सघन जांच, गवाहों के बयान और लगातार प्रयासों के आधार पर फरार आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी कृष्ण कुमार साहू ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपियों का विवरण:
- कृष्णा उर्फ कृष्ण कुमार साहू (51 वर्ष)
- बिन्दा बाई साहू (48 वर्ष)
निवासी – डीहीपारा सेमरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)
पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
