रुद्री रोड स्थित नासिक कॉलोनी में सुबह से कार्रवाई जारी, अधिकारी और उनके पति से अलग-अलग पूछताछ; सुरक्षा में सीआरपीएफ के जवान भी तैनात
धमतरी/ जिले में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हलचल मच गई। ईडी की टीम ने रुद्री रोड स्थित नासिक कॉलोनी में एक सरकारी अधिकारी अपर रजिस्ट्रार के आवास पर दबिश देकर जांच शुरू की। सुबह से ही टीम के अधिकारी आवास पर मौजूद हैं और विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईडी की इस कार्रवाई में करीब 10 अधिकारियों की टीम शामिल है। टीम दो अलग-अलग समूहों में जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अधिकारी और उनके पति से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। वहीं, आवास में मौजूद दस्तावेजों और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सीआरपीएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के इलाके में चर्चाओं का माहौल है।

सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में सामने आए एक मामले से जुड़ी बताई जा रही है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों से संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है। हालांकि, ईडी की ओर से अब तक कार्रवाई के वास्तविक कारण, मामले की प्रकृति और जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सुबह से जारी इस कार्रवाई को लेकर नासिक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में हलचल बनी हुई है। फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है।
ईडी की कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
