आमातालाब रोड पर घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा, 6,040 रुपये की शराब जब्त; आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
धमतरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 63 पौवा देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल कीमत 6,040 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली की टीम पेट्रोलिंग एवं अपराध पतासाजी के लिए निकली हुई थी। इसी दौरान गांधी मैदान के पास मुखबिर से सूचना मिली कि मकेश्वर वार्ड निवासी श्रीराम ध्रुव प्लास्टिक की बोरी में अवैध देशी शराब लेकर आमातालाब रोड की ओर आ रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गवाहों के साथ आमातालाब स्थित यादव भवन के पास घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी लाल-पीले रंग की प्लास्टिक बोरी से अलग-अलग कंपनियों की कुल 63 पौवा देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी शराब रखने और परिवहन करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
63 पौवा शराब जब्त, 6,040 रुपये कीमत
पुलिस के मुताबिक जब्त शराब में 13 पौवा देशी प्लेन शराब (03 शोले एवं 10 शेरा कंपनी) और 50 पौवा देशी मसाला शराब (युनिक कंपनी) शामिल है। सभी पौवा 180 एमएल के हैं। कुल शराब की मात्रा 11 बल्क लीटर 34 मिलीलीटर बताई गई है, जिसकी कीमत 6,040 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रीराम ध्रुव (39 वर्ष), पिता सोनार ध्रुव, निवासी मकेश्वर वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 303/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसपी के निर्देशन में जारी है अभियान
यह पूरी कार्रवाई एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

