धमतरी/ जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत यातायात पुलिस ने तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, नाबालिग वाहन चालकों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
3 बुलेट मोटरसाइकिलों से उतरवाए मॉडिफाइड साइलेंसर
विशेष जांच अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने तीन बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए। पुलिस ने तत्काल तीनों वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए और वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। प्रत्येक वाहन चालक पर 1,000 रुपये के हिसाब से कुल 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
7 नाबालिग वाहन चलाते मिले, परिजनों को बुलाकर दी समझाइश
अभियान के दौरान पुलिस ने 7 नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़ा। सभी को रोककर यातायात चौकी लाया गया। इसके बाद उनके परिजनों को यातायात कार्यालय बुलाकर समझाइश दी गई।
पुलिस ने अभिभावकों को स्पष्ट किया कि निर्धारित आयु पूरी करने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने से पहले बच्चों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। नाबालिगों को वाहन देना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे उनकी और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस की नजर
यातायात पुलिस द्वारा एल्कोमीटर के माध्यम से वाहन चालकों की लगातार जांच की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।
धमतरी पुलिस की वाहन चालकों और अभिभावकों से अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों में मानकों के विपरीत मॉडिफिकेशन नहीं कराने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है।
धमतरी पुलिस का संदेश — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
