धमतरी/ शहर में सेंट जेवियर्स स्कूल के सामने स्थित एक घर की सीढ़ियों पर अचानक अजगर दिखाई देने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घर की सीढ़ियों पर अजगर की मौजूदगी से रहवासी दहशत में आ गए। हालांकि, समय पर सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते एक संभावित खतरा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मीडिया साथी रविन्द्र चोपड़ा ने घटना की सूचना एसपी कार्यालय में पदस्थ प्रआर. डिगेश शर्मा को फोन के माध्यम से दी। सूचना मिलते ही डिगेश शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए सर्प मित्र सूर्यकांत साहू से संपर्क किया और तत्काल मौके पर पहुंचकर अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू करने का आग्रह किया।
सूचना मिलते ही सर्प मित्र सूर्यकांत साहू घटनास्थल पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर को सुरक्षित पकड़कर वहां से हटाया। अजगर के रेस्क्यू के बाद आसपास के रहवासियों ने राहत की सांस ली।
सूचना से लेकर रेस्क्यू तक दिखा बेहतर समन्वय
इस पूरे घटनाक्रम में मीडिया साथी रविन्द्र चोपड़ा की जागरूकता, प्रआर. डिगेश शर्मा की त्वरित पहल और सर्प मित्र सूर्यकांत साहू की तत्परता सराहनीय रही। तीनों के आपसी समन्वय से समय रहते रेस्क्यू अभियान पूरा हुआ और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका टल गई।
सांप दिखने पर खुद पकड़ने की न करें कोशिश
विशेषज्ञों एवं सर्प संरक्षण से जुड़े लोगों का कहना है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे खुद पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश बिल्कुल न करें। ऐसी स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित सर्प मित्र अथवा संबंधित वन विभाग को तत्काल सूचना दें।
समय पर सूचना और जिम्मेदार नागरिक सहयोग से जहां मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है, वहीं बेजुबान वन्यजीवों का संरक्षण भी संभव है। धमतरी की यह घटना जागरूकता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की एक अच्छी मिसाल है।

