देश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EV) की मांग तेजी से बढ़ रही है. लोग पेट्रोल-डीजल का खर्च बचाने के लिए इलेक्ट्रिक कार और स्कूटर खरीद रहे हैं. लेकिन EV खरीदने वालों के सामने सबसे बड़ी परेशानी चार्जिंग स्टेशन की है. कई शहरों और हाईवे पर अभी भी पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन नहीं हैं. ऐसे में अगर आप अपना कारोबार शुरू करने की सोच रहे हैं तो EV चार्जिंग स्टेशन लगाना कमाई का एक अच्छा मौका बन सकता है.
खास बात ये है कि अब इस कारोबार के लिए आपको अपनी पूरी जमा पूंजी लगाने की जरूरत नहीं होगी. देश के कई सरकारी बैंक EV चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए खास लोन स्कीम चला रहे हैं. इनके तहत कारोबारियों और उद्यमियों को 5 करोड़ रुपए से लेकर 10 करोड़ रुपए तक का लोन मिल सकता है. इसमें SBI, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं. हालांकि, हर बैंक की लोन सीमा और शर्तें अलग-अलग हैं.
1. SBI की EV Mitra स्कीम
SBI ने EV चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए EV Mitra स्कीम शुरू की है. इसके तहत कारोबारियों को 10 लाख रुपए से ज्यादा और अधिकतम 5 करोड़ रुपए तक का टर्म लोन मिल सकता है. इस स्कीम के तहत पब्लिक चार्जिंग स्टेशन, प्राइवेट चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन लगाने के लिए फंडिंग मिलती है.
लोन चुकाने के लिए अधिकतम 8 साल का समय दिया जाता है. इसमें 9 महीने तक की मोरेटोरियम शामिल है. हालांकि, प्रोजेक्ट की लागत का 25 फीसदी हिस्सा खुद लगाना होगा.
2.बैंक ऑफ बड़ौदा की bob Green PLUG स्कीम
बैंक ऑफ बड़ौदा ने EV चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग कारोबार को बढ़ावा देने के लिए bob Green PLUG स्कीम शुरू की है. इसके तहत 10 लाख रुपए से ज्यादा और 5 करोड़ रुपए तक का लोन लिया जा सकता है. इस स्कीम में नए चार्जिंग स्टेशन लगाने के अलावा पहले से मौजूद स्टेशन का विस्तार करने के लिए भी पैसा मिल सकता है.
इस लोन की ब्याज दर 8.15 फीसदी से 9.60 फीसदी सालाना के बीच है. लोन चुकाने के लिए 10 साल का समय मिल सकता है.

3. इंडियन बैंक की IND Green Charge स्कीम
इंडियन बैंक ने EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए IND Green Charge स्कीम शुरू की है. इसके तहत पब्लिक, प्राइवेट और फ्लीट चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए लोन दिया जाता है. इस स्कीम के तहत अधिकतम 10 करोड़ रुपए तक का लोन मिल सकता है. इसे चुकाने के लिए 8 साल तक का समय दिया जाएगा.
4. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की Cent EV Connect स्कीम
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भी EV चार्जिंग स्टेशन लगाने वालों को आर्थिक मदद दे रहा है. बैंक की Cent EV Connect स्कीम के तहत 11 लाख रुपए से लेकर 10 करोड़ रुपए तक का टर्म लोन मिल सकता है.
इस योजना के तहत पब्लिक और प्राइवेट चार्जिंग स्टेशन के अलावा बैटरी स्वैपिंग स्टेशन लगाने के लिए भी फंडिंग मिलती है. इस स्कीम में कम से कम 25 फीसदी मार्जिन मनी यानी प्रोजेक्ट की लागत का एक हिस्सा आवेदक को खुद लगाना होगा.
लोन लेने के लिए कौन से डॉक्यूमेंट चाहिए?
EV चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए लोन लेने से पहले आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक स्टेटमेंट, बिजनेस रजिस्ट्रेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट साथ रखना चाहिए. इसके अलावा, जिस जगह पर चार्जिंग स्टेशन लगाना है, उसके डॉक्यूमेंट भी मांगे जा सकते हैं.
